दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान जबलपुर जिले के पाटन निवासी 25 वर्षीय इरशाद मंसूरी पेलेट गन के छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रदर्शन के दौरान एक छर्रा सीधे उनकी आंख में जा लगा, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इरशाद की आंख का ऑपरेशन किया जा चुका है। हालांकि, उनकी आंख की रोशनी पर कितना असर पड़ा है, इसका पता पट्टी खुलने के बाद ही चल सकेगा।
इरशाद के घायल होने की जानकारी मिलते ही उनके पिता दिल्ली रवाना हो गए और फिलहाल अस्पताल में उनकी देखभाल कर रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी अस्पताल पहुंचकर इरशाद का हालचाल जाना।
जानकारी के मुताबिक, इरशाद ने इंदौर से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वह अपने दोस्तों के साथ प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान उनके चेहरे और आंख पर पेलेट गन के छर्रे लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इरशाद के बड़े भाई शेख मुस्तफा मंसूरी ने बताया कि 20 जुलाई की शाम करीब 8 बजे उन्हें एक दोस्त के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद उनके पिता तुरंत दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि इरशाद की आंख का ऑपरेशन हो चुका है, लेकिन आंख की रोशनी को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। डॉक्टरों द्वारा पट्टी हटाए जाने के बाद ही वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा।
परिवार ने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए सभी लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल परिवार का पूरा ध्यान इरशाद के जल्द स्वस्थ होने और उनकी आंख की रोशनी सुरक्षित रहने पर है।
Tags
jabalpur
