MP News: कटनी की CSP नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का प्रभार वापस, अवैध वसूली और लापरवाही के आरोपों की जांच तेज

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। कटनी की नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया पर लगे अवैध वसूली और विभागीय लापरवाही के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच के आधार पर उनके अधिकार क्षेत्र से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थाना हटाकर उनका प्रभार अजाक डीएसपी शिवा पाठक को सौंप दिया गया है। वहीं, पूरे मामले की विभागीय जांच जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल को सौंपी गई है।

ट्रांसपोर्टर से अवैध वसूली का आरोप

कटनी के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र जैन ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि 21 जुलाई की रात वाहन जांच के दौरान उनकी हाईवा गाड़ी को रोककर 30 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत के अनुसार मौके पर 25 हजार रुपये नकद लिए गए, जबकि शेष 5 हजार रुपये बाद में देने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम नहीं देने पर वाहन के खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी दी गई। उन्होंने साक्ष्यों के साथ निष्पक्ष जांच की मांग की है।

चालक निलंबित, तीन थानों का प्रभार छीना

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने प्रारंभिक जांच के बाद सीएसपी के चालक एवं आरक्षक केशव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सीएसपी नेहा पच्चीसिया से तीन प्रमुख थानों का प्रभार वापस ले लिया गया।

हत्या के मामले में भी उठे सवाल

सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर एक हत्या के मामले में भी विभागीय लापरवाही के आरोप लगे हैं। आरोप है कि निर्धारित 90 दिनों की अवधि में न्यायालय में चालान पेश नहीं किए जाने के कारण आरोपी को डिफॉल्ट बेल मिल गई। इसके अलावा आरोपी ने न्यायालय में परिवाद दायर कर आरोप लगाया है कि मामले में कानूनी लाभ पहुंचाने के एवज में उसकी कीमती जमीन को कम कीमत पर बेचने में भूमिका निभाई गई।

विभागीय जांच जारी

कटनी पुलिस प्रशासन ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एयर होस्टेस से पुलिस अधिकारी तक का सफर

राजगढ़ जिले की पचोर निवासी नेहा पच्चीसिया ने अपने करियर की शुरुआत एयर इंडिया में एयर होस्टेस के रूप में की थी। बाद में उन्होंने MPPSC-2012 परीक्षा (अंतिम परिणाम 2016) में प्रदेश में 20वीं रैंक हासिल कर उप पुलिस अधीक्षक (DSP) के रूप में चयन प्राप्त किया। उन्होंने गुना, भोपाल पुलिस मुख्यालय, खंडवा और मई 2025 से कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दीं। गुना में महिला सुरक्षा के लिए शुरू किए गए "महिला मोबाइल पुलिस स्टेशन" जैसी पहल को सराहना मिली थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post