Jabalpur News: घात लगाकर बैठे साले ने जीजा की कमर में घोंपा चाकू, हालत गंभीर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। यादव कॉलोनी पुलिस चौकी के अंतर्गत कछपुरा ब्रिज के समीप गुरुवार को पुरानी रंजिश के चलते एक जीजा पर उसके ही साले ने अचानक चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मदन महल स्थित शिवनगर निवासी संतोष ठाकुर (28 वर्ष) अपना काम निपटाकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह यादव कॉलोनी चौकी के पास कछपुरा ब्रिज के समीप पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे उसके साले पीयूष ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर अचानक हमला बोल दिया। आरोपी ने संतोष की कमर में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे चाकू गहराई तक धंस गया और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल संतोष को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही लॉर्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी पीयूष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post