देशभर में मानसून का कहर: अमरनाथ-वैष्णो देवी यात्रा स्थगित, कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ का अलर्ट

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। देशभर में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश तक भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए अमरनाथ यात्रा 19 जुलाई से अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है। वहीं सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैष्णो देवी यात्रा भी शनिवार से रोक दी गई है। चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने पर सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं और प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश ने 93 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बिलासपुर में शनिवार को 16 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि इससे पहले 1993 में 14.93 इंच बारिश का रिकॉर्ड था। लगातार बारिश से कई निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण गंगा आरती का स्थान बदलना पड़ा है। प्रयागराज में प्रशासन लगातार लोगों से नदी से दूर रहने की अपील कर रहा है। वहीं झांसी में बारिश के बाद तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अपर सुबनसिरी जिले के कई गांव फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड से प्रभावित हुए हैं। राज्य में अब तक 1 लाख 13 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं।

इसके अलावा बिहार के कई जिलों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण आने वाले दिनों में कई राज्यों में मानसून और अधिक सक्रिय रह सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post