दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना हनुमानताल क्षेत्र अंतर्गत एक 24 वर्षीय युवक पर दो बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात का कारण शराब पीने के लिए पैसे न देना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्लाटर हाउस रोड निवासी मोहम्मद शहनवाज कुरैशी (24 वर्ष) दादामिया दरगाह में दर्शन करने गया था। वहां पहले से ही इलाके का शातिर बदमाश अल्ताफ अपने एक साथी के साथ खड़ा था। शहनवाज को देखते ही अल्ताफ ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगा।
जब शहनवाज ने रुपये देने से साफ मना कर दिया, तो अल्ताफ और उसके साथी ने उसके साथ सरेराह गाली-गलौज शुरू कर दी। शहनवाज द्वारा गाली देने का विरोध करने पर आरोपी अल्ताफ ने अचानक चाकू निकाल लिया और उस पर हमला कर दिया। पहला वार शहनवाज के दाहिने हाथ पर लगा।
जान बचाने के लिए शहनवाज वहां से भागने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और चाकू से कई वार किए। हमले में शहनवाज की बाईं जांघ, कूल्हे और कान के पास गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी शहनवाज को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
लहूलुहान हालत में पीड़ित ने हनुमानताल थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।
Tags
jabalpur
