Jabalpur News: ₹96 हजार के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, बिना नंबर की बाइक से ग्राहक का इंतजार कर रहा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना पाटन की टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए एक शातिर तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 1 किलो 924 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 96 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।

पाटन थाना प्रभारी गोपिन्द्र सिंह ने बताया कि बीती रात पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से एक महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया कि मनकेड़ी रोड स्थित ग्राम सिंगौरी बंजारी माता मंदिर के पास एक युवक पीठ पर पिट्ठू बैग टांगे हुए खड़ा है। वह बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार है और इलाके में गांजा बेचने के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के कड़े प्रावधानों के तहत एक विशेष टीम का गठन किया और मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम जैसे ही ग्राम मनकेड़ी रोड सिंगौरी बंजारी माता मंदिर के पास पहुंची, वहां मुखबिर के बताए हुलिए का एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल सहित खड़ा दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ियों को अपनी ओर आता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर संदेही ने अपना नाम विष्णु उर्फ रंजीत गौड़ (उम्र 22 वर्ष) निवासी ग्राम भरदा, थाना बेलखेड़ा बताया। पुलिस ने जब कानूनन उसकी तलाशी ली, तो उसके पास मिले पिट्ठू बैग के अंदर से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने जब गांजे का वजन कराया, तो वह 1 किलो 924 ग्राम निकला, जिसे सफेद रंग की बोरी में रखकर सील कर दिया गया। 

पाटन पुलिस ने आरोपी विष्णु उर्फ रंजीत गौड़ के कब्जे से 1 किलो 924 ग्राम गांजा (कीमत ₹96,200), एक सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल, 200 रुपये नगद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। 

अब पुलिस रिमांड लेकर आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह यह गांजा कहां से और किससे लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। आरोपी को रंगे हाथों दबोचने में चौकी प्रभारी नुनसर उप निरीक्षक राजेश धुर्वे, आरक्षक अनुराग रैकवार, रामगोपाल कुर्मी, गंगाराम और रिंकू यादव की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post