MP News: गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में चले चाकू, तीन रेलकर्मी घायल, हत्या के प्रयास का केस दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में शनिवार को चाकूबाजी की  घटना सामने आई। भददा और सूखी सेवनिया स्टेशन के बीच ट्रेन में दो कथित अवैध वेंडरों ने रेलकर्मियों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेंद्र खटीक और अंकित सुपारी कर्मचारियों पर अवैध किचन का खाना खरीदने का दबाव बना रहे थे। कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर पहले उन्हें धमकाया गया और फिर चाकुओं से हमला कर दिया गया। इस हमले में विजय कुमार, आनंद कुमार और किशन घायल हुए। विजय कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

घटना के बाद जीआरपी भोपाल ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जीआरपी थाना प्रभारी जहीर खान ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने ट्रेनों में सक्रिय अवैध वेंडरों की गतिविधियों के साथ-साथ रेल यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post