MP News: महिलाओं को बनाते थे निशाना, सीरियल मोबाइल लुटेरे गिरफ्तार; नशे और शौक पूरे करने के लिए की थीं वारदातें

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के चार थाना क्षेत्रों में महिलाओं और छात्रा से मोबाइल लूट की सिलसिलेवार वारदातों को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने नशे की लत और अपने शौक पूरे करने के लिए लगातार मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं की थीं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

डीसीपी जोन-2 अमन राठौर के निर्देशन में पुलिस टीम ने कनाड़िया, लसूडिया, आजाद नगर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में हुई सीरियल लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए अजय और सन्नी टूटेजा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों ने करीब पांच दिन पहले अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं और एक छात्रा से मोबाइल छीनकर फरार होने की वारदातों को अंजाम दिया था। घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की लत और अपने शौक पूरे करने के लिए मोबाइल लूटते थे। लूटे गए मोबाइल बेचने के लिए वे ग्राहक की तलाश कर रहे थे।

जांच में पता चला है कि आरोपी अजय के खिलाफ पहले से खुडैल थाना क्षेत्र में एक आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि सन्नी के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post