दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। प्रत्याशी के ऐलान के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि कांग्रेस दतिया का उपचुनाव "500 प्रतिशत" जीतेगी। वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उन्हें दतिया नहीं, डबरा जाना चाहिए।
जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता पहले भी कांग्रेस को जनादेश दे चुकी है और इस बार भी पार्टी पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया है, लेकिन जनता सब देख रही है और इसका जवाब उपचुनाव में देगी।
पटवारी ने कहा कि घनश्याम सिंह वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और टिकट के सभी दावेदारों की सहमति से उम्मीदवार बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि घनश्याम सिंह और अवधेश नायक दोनों ने पार्टी हित को सर्वोपरि रखते हुए किसी एक को टिकट देने और मिलकर चुनाव लड़ने की बात कही थी, जिससे कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है।
राजेंद्र भारती के परिवार को टिकट नहीं मिलने पर पटवारी ने कहा कि स्वयं राजेंद्र भारती ने इस बार परिवार के बाहर किसी नए चेहरे को मौका देने की सलाह दी थी। उन्होंने बताया कि चुनावी रणनीति तैयार करने में भी राजेंद्र भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पिछले तीन महीने से दतिया उपचुनाव की तैयारी में जुटी हुई है। संगठन से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी ने मजबूत नेटवर्क तैयार किया है और सभी नेताओं की सहमति से घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
नरोत्तम मिश्रा पर तंज कसते हुए सिंघार ने कहा, "अब दिल्ली मत जाइए, दतिया तो आपके हाथ से निकल गया। वहां की जनता और आपकी पार्टी ने भी दतिया छुड़वा दिया है, अब डबरा जाइए।"
अनुसूचित जाति वर्ग के वोटों और अन्य दलों की भूमिका पर जीतू पटवारी ने कहा कि चुनाव लड़ना सभी का अधिकार है, लेकिन संविधान और देश की विचारधारा में विश्वास रखने वाले मतदाता कांग्रेस के साथ खड़े होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि समाजवादी पार्टी के नेताओं से उनकी चर्चा हुई है और सहयोगी दल कांग्रेस के समर्थन में चुनाव लड़ेंगे।
Tags
madhya pradesh
