दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले में शनिवार देर रात सड़क हादसे के बाद वन्यजीव तस्करी का एक संदिग्ध मामला सामने आया। कोतवाली थाना क्षेत्र के देवदरा स्थित राजीव कॉलोनी चूना भट्टा के पास बाइक और मालवाहक ऑटो की टक्कर के बाद बाइक पर रखे सांभर के दो सींग सड़क पर बिखर गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस व वन विभाग को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, जवाहर वार्ड निवासी सुशील सिंधिया (29) बाइक से राजीव कॉलोनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक एक मालवाहक ऑटो से टकरा गई। हादसे के बाद बाइक पर रखे सांभर के दो सींग सड़क पर गिर गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसकी बाइक जब्त कर थाने पहुंचाया। प्रारंभिक पूछताछ में वह सींगों के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका।
वन परिक्षेत्र सहायक अजय तिवारी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से सांभर के दो पुराने सींग बरामद किए गए हैं। पंचनामा और बयान दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि सींग कहां से लाए गए और इन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। साथ ही इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
वन विभाग के अनुसार, सांभर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में शामिल संरक्षित वन्यजीव है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
