दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगा चौक पर देर रात पेट्रोल के पैसे मांगने और न देने पर विवाद में दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बड़ी उखरी (विजयनगर) निवासी कन्हैया रैकवार (24 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात लगभग 11 बजे वह अपने साथी विनय रैकवार के साथ एक्टिवा से बल्देवबाग से उखरी की ओर जा रहा था। जैसे ही वे आगा चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद यश ठाकुर और यश बेन ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने उनसे जबरन पेट्रोल डलाने के लिए 500 रुपये की मांग की।
जब कन्हैया और विनय ने रुपये देने से साफ मना कर दिया, तो दोनों आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गए। गालियां देने का विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी यश ठाकुर ने कन्हैया को दबोच लिया और दूसरे आरोपी यश बेन ने चाकू निकालकर कन्हैया की दोनों जांघों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
अपने दोस्त को लहूलुहान देख जब विनय रैकवार बीच-बचाव करने आगे आया, तो आरोपी यश बेन ने उस पर भी हमला कर उसकी बाईं जांघ पर चाकू मार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पीड़ित युवकों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
लार्डगंज पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। पीड़ित कन्हैया रैकवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी यश ठाकुर और यश बेन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए) , 118(1), 119(1), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Tags
jabalpur
