Jabalpur News: कार सीख रही किशोरी ने दीवार तोड़कर घर के अंदर घुसाई गाड़ी, एयरबैग ने बचाई जान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर के मदन महल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एलआईसी कॉलोनी (प्रेमनगर) में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ कार चलाना सीख रही एक 16 वर्षीय किशोरी का वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार कार पड़ोसी के मकान की बाउंड्री और दीवार तोड़ते हुए सीधे घर के भीतर जा घुसी। हादसे के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।

बिना ट्रेनर के ड्राइव कर रही थी किशोरी


मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग किशोरी बिना किसी गाइडेंस के कार चलाना सीख रही थी। हादसे के वक्त वाहन में उसके साथ कोई भी पेशेवर प्रशिक्षक (ट्रेनर) या अनुभवी चालक मौजूद नहीं था। इसी दौरान वह अचानक कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठी। रफ्तार तेज होने के कारण कार सामने स्थित मकान की बाउंड्री और मुख्य दीवार को धराशायी करते हुए सीधे कमरे के अंदर दाखिल हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान की दीवार पूरी तरह ढह गई।

एयरबैग ने बचाई जान, टला बड़ा हादसा


राहत की बात: इस भीषण टक्कर के बावजूद एक बड़ा चमत्कार हुआ। हादसे के तुरंत बाद कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे कार चला रही किशोरी को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गई। वहीं, गनीमत यह भी रही कि हादसे के वक्त उस कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे घर के अंदर रह रहे लोग भी बाल-बाल बच गए।

क्रेन की मदद से निकाली गई क्षतिग्रस्त कार


घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर स्थिति को संभाला। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घर के अंदर फंसी कार को बाहर निकालने के लिए संबंधित पक्ष द्वारा निजी क्रेन को मौके पर बुलवाया गया, जिसके बाद कड़ी मशक्कत से वाहन को मलबे से बाहर निकाला जा सका।

Post a Comment

Previous Post Next Post