दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र बड़ा फुहारा में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। देसाई आइसक्रीम के सामने स्थित सोसाइटी साड़ी भंडार की करीब 30 वर्ष पुरानी तीन मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर जमींदोज हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।राहत की बात यह रही कि मंगलवार होने के कारण क्षेत्र का बाजार बंद था, जिससे सड़क और दुकान पर लोगों की मौजूदगी नहीं थी। इस वजह से अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यदि यह घटना आम दिनों में होती तो बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।बिल्डिंग गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई और धूल का गुबार छा गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और भारी भीड़ एकत्र हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और नगर निगम की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची।प्रशासनिक टीम ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। एहतियात बरतते हुए आसपास की दुकानों और जर्जर निर्माणों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटा दिया गया है। फिलहाल नगर निगम की टीम मलबे को हटाने और जांच करने में जुटी है कि बिल्डिंग गिरने का मुख्य कारण क्या था और क्या इसमें कोई निर्माण संबंधी लापरवाही थी।
Tags
jabalpur

