Jabalpur News: जर्जर स्कूल भवन तोड़ते समय गिरी छत, मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कन्तोरा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक पुराने और जर्जर हो चुके शासकीय स्कूल भवन को तोड़ते समय अचानक उसकी छत ढह गई। इस हादसे में काम कर रहे दो मजदूर मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए, जिनमें से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

मलबे में दबने से मनोज की थमी सांसें


मिली जानकारी के अनुसार, पाटन के कन्तोरा गांव में स्थित एक जर्जर स्कूल भवन को ढहाने का काम चल रहा था। इसी दौरान काम कर रहे मजदूरों पर अचानक भारी-भरकम छत भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त वहां काम कर रहा नूनसर निवासी मजदूर मनोज प्रजापति मलबे के नीचे पूरी तरह दब गया। भारी मलबे के दबाव और गंभीर चोटों के कारण मनोज की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घायल मजदूर अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी


हादसे के वक्त मनोज के साथ काम कर रहा पवन नामक एक अन्य मजदूर भी मलबे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायल पवन को मलबे से बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

घटना की जानकारी मिलते ही पाटन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मृतक मनोज प्रजापति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि जर्जर भवन को तोड़ते समय सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया था या नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post