Jabalpur News: स्कूली छात्रों के बीच खूनी संघर्ष, मोबाइल चोरी के शक में चाकूबाजी, दो छात्र घायल; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नेपियर टाउन स्थित नचिकेता स्कूल के छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद मंगलवार को सड़क पर खूनी संघर्ष में बदल गया। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के शारदा चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने दोपहर करीब 3:08 से 3:20 बजे के बीच कुछ युवकों ने दो स्कूली छात्रों पर चाकू और लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस हमले में छात्र छायांक यादव और उसका दोस्त भविष्य विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल छात्र छायांक यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले स्कूल से उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। उसे अपने सहपाठी हितेश आहूजा पर मोबाइल चोरी करने का शक था। इसी बात को लेकर उसने हितेश से पूछताछ की थी, जिससे नाराज होकर हितेश ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर हमले की साजिश रची।

छायांक के अनुसार, पहले उसे रानीताल चौक पर मिलने बुलाया गया, लेकिन बाद में जगह बदलकर शारदा चौक आने के लिए कहा गया। जैसे ही वह अपने दोस्त भविष्य विश्वकर्मा (यशू) और अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा, हितेश और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया और चाकू व लात-घूंसों से हमला कर दिया।

हमले में छायांक यादव के सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने आए भविष्य विश्वकर्मा के पैर पर चाकू से कई वार किए गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post