दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्वारीघाट थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। ग्वारीघाट थाना प्रभारी कन्हैया बघेल ने बताया कि बीती रात को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि रामघाट की सीढ़ियों के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को देखकर उमाघाट की सीढ़ी के नीचे छिपा आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल ने मुस्तैदी से घेराबंदी कर धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश उर्फ अक्कू बर्मन (उम्र 21 वर्ष), निवासी ककरैया तलैया, जोनी भटरा का मकान, छोटी लाइन फाटक (गोरखपुर) बताया।
लोड पिस्टल बरामद, पूछताछ जारी
आरोपी की जामा तलाशी लेने पर उसकी कमर में दाहिनी तरफ एक देशी पिस्टल खोंसी हुई मिली, जिसकी मैगजीन में एक जिंदा कारतूस लोड था। पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Tags
jabalpur
