Jabalpur News: शादी का झांसा देकर 13 साल तक किया शोषण, दो बच्चों की मां को न्याय दिलाने घमापुर थाने पहुंचा महादलित परिसंघ

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने शादी का झांसा देकर 13 वर्षों तक शारीरिक शोषण किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का वादा कर वर्षों तक उसके साथ संबंध बनाए, जिससे उसके दो बच्चे भी हुए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। साथ ही, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इस संबंध में महादलित परिसंघ के जिलाध्यक्ष आकाश मलिक ने घमापुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

2013 में हुई थी पहचान, शादी का दिया था भरोसा

शिकायत के अनुसार पीड़िता की वर्ष 2013 में विनोद गुप्ता, निवासी कालीमठ, मदन महल से पहचान हुई थी। आरोप है कि विनोद ने शादी का भरोसा देकर अलग-अलग किराए के मकानों में साथ रखा और इस दौरान दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध बने।

पीड़िता का दावा है कि वर्ष 2016 में उसे एक पुत्र और वर्ष 2019 में एक पुत्री का जन्म हुआ। इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, लेकिन हर बार किसी न किसी बहाने से बात टालता रहा।

जबरन शोषण और धमकी देने का आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2021 में आरोपी अपने एक परिचित के घर ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक शोषण किया गया। इसके बाद शादी की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी उसे छोड़कर चला गया।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी उसे पैसों का लालच देता रहा और बाद में उसे तथा उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी देने लगा।

महिला डेस्क पर शिकायत नहीं लेने का आरोप

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 4 जुलाई 2026 को पीड़िता घमापुर थाने पहुंची थी, जहां महिला डेस्क पर मौजूद अधिकारी द्वारा उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई और उसे वापस भेज दिया गया। हालांकि, इस आरोप की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कार्रवाई की मांग


महादलित परिसंघ के जिलाध्यक्ष आकाश मलिक ने थाना प्रभारी से आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर निष्पक्ष जांच और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post