Jabalpur News: ट्रेनों में महिला यात्रियों को निशाना बनाने वालीं 'रूपा और रेखा' गिरफ्तार, प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर GRP ने घेराबंदी कर दबोचा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के कीमती सामान चोरी करने वाले एक महिला चोर गिरोह का जीआरपी (GRP) ने पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 के अंतिम छोर से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ट्रेनों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूपा माली (25) निवासी हिंडोलिया, जिला दमोह और रेखा माली (25) निवासी ललितपुर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में उनके पास से हाल ही में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं से जुड़े करीब 70 हजार रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए गए। जब्त सामान में दो चांदी की पायल, दो चांदी की चेन, एक चांदी का ब्रेसलेट और बिछिया शामिल हैं।

जीआरपी के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाओं का कोई स्थायी ठिकाना नहीं है और वे अलग-अलग स्थानों पर घूमकर ट्रेनों में यात्रियों, खासकर महिला यात्रियों को निशाना बनाती थीं। पुलिस अब दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में अन्य कौन-कौन शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post