राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: केजरीवाल बोले- दोषियों को फांसी मिले, महंत कमल नयन बोले- चंपत राय ने कोई चोरी नहीं की

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सियासत और तेज हो गई है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी करने वाले दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने भगवान राम के नाम पर वोट मांगे, लेकिन उनके साथ विश्वासघात किया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम एक सिग्नेचर कैंपेन भी शुरू करने की घोषणा की।

वहीं, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने चंपत राय का बचाव करते हुए कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन और मंदिर निर्माण में उनका बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि चंपत राय ने कोई चोरी नहीं की और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।

इधर, राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन की टीम 22 जुलाई के बाद कमान संभाल सकती है। नई टीम को लेकर मंथन जारी है। उधर, पुलिस आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और सुभाष श्रीवास्तव को सोमवार को फैजाबाद कोर्ट में पेश कर सात दिन की रिमांड मांग सकती है।

इस बीच गोरखपुर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर पोस्टर लगाने वाले सपा नेता अरविंद शुक्ला समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टरों में चढ़ावा चोरी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा गया था।

मामले की जांच एसआईटी कर रही है। 13 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में जांच सीबीआई को सौंपने और अन्य मांगों से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई प्रस्तावित है। वहीं, ट्रस्ट का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post