दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली/नासिक। देशभर में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में 300 मिमी तक बारिश और बादल फटने की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। एहतियातन नासिक के सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, जबकि त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और सप्तश्रृंगी मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
रत्नागिरी जिले के शेलारवाड़ी में भारी बारिश के चलते हुए लैंडस्लाइड में एक मकान का हिस्सा ढह गया। एक महिला को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दो लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, बाढ़ से मची तबाही
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के थथरी क्षेत्र में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ से पानी, पत्थर और मलबा रिहायशी इलाकों में घुस गया। कई वाहन मलबे में दब गए और सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हो गई। किश्तवाड़ जिले में भी बाढ़ के कारण कई गाड़ियां कीचड़ और पत्थरों के बीच फंस गईं।
ठाणे में पर्यटन स्थलों पर रोक
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने अगले आदेश तक किले, झरनों, बांधों, झीलों और नदियों के आसपास पर्यटकों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। मौसम विभाग ने 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है।
राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश
राजस्थान के जोधपुर, पाली, जालोर और बाड़मेर में सोमवार को तीन इंच तक बारिश दर्ज की गई, जिससे कई स्थानों पर जलभराव हो गया। जयपुर समेत सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है।
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में मंगलवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली और बरेली में तेज बारिश हुई, जबकि सहारनपुर में शाकंभरी नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।
मध्य प्रदेश में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने 31 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य में अब तक औसतन सात इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है।
अन्य राज्यों में भी अलर्ट
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल समेत छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा और बिहार में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार में 6 से 12 जुलाई तक सात दिनों के लिए भारी बारिश का हाई अलर्ट जारी किया गया है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 जुलाई को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, झारखंड, असम, मेघालय, सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
Tags
national
