ड्रग सप्लाई केस में एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का भाई नाना पटवारी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी को इंदौर पुलिस ने ड्रग सप्लाई से जुड़े एक मामले में गुरुवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, एक ड्रग सप्लायर से पूछताछ के दौरान नाना पटवारी का नाम सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद राजेंद्र नगर थाना पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए अज्ञात स्थान पर ले गई।

गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने कानूनी सलाहकारों से चर्चा की। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और उज्जैन जमीन खरीद मामले को लेकर विपक्ष की आवाज उठाने के कारण सरकार दबाव बनाने का प्रयास कर रही है।

राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई भविष्य में गंभीर परिस्थितियां पैदा कर सकती है और ऐसी परंपरा से बचा जाना चाहिए।

नाना पटवारी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास समेत करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें सात साल पुराने हत्या के प्रयास के मामले में फरार रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वर्ष 2025 में तेजाजी नगर थाने में जमीन पर कथित अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी।

वर्ष 2018 में एक महिला ने नाना पटवारी पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने और हथियारों के साथ धमकाने का आरोप लगाया था, जिसके आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

इसके अलावा, वर्ष 2018 के चर्चित खुशी कूलवाल सुसाइड केस की जांच के दौरान भी नाना पटवारी का नाम सामने आया था। उस समय पूछताछ के बाद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। हालांकि, वर्ष 2025 में ड्रग कनेक्शन और हाई-प्रोफाइल पार्टी नेटवर्क की जांच के दौरान यह मामला फिर चर्चा में आया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post