Jabalpur News: रांझी के राजा हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बाबा नेल्सन गिरफ्तार, कटंगा से पुलिस ने दबोचा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी के बहुचर्चित क्लेरेंस उर्फ राजा हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता बाबा उर्फ विकास (रिंकू) नेल्सन उर्फ बाबा ईसाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को बुधवार शाम करीब 5 बजे कटंगा क्षेत्र से अभिरक्षा में लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस जांच के अनुसार 23 अप्रैल को क्लेरेंस उर्फ राजा की हत्या रायपुर स्थित करीब 15 एकड़ जमीन के विवाद के चलते कराई गई थी। आरोप है कि चलती मोटरसाइकिल पर क्लेरेंस के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या की गई थी। मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में भी संपत्ति विवाद को ही हत्या की मुख्य वजह बताया गया था।

इस हत्याकांड में पुलिस पहले ही तेजबल उर्फ अरुण रैकवार (20) निवासी नरसिंहपुर हाल अनमोल वाटिका, माढ़ोताल तथा मोहित ठाकुर (20) निवासी वर्धा हाउस, पुल नंबर-2, कैंट को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन और उसके नाबालिग साथी को 18 जून को गोरखपुर स्थित ईसाई कॉलोनी के पास से पकड़ा गया था। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देशी पिस्टल, दो कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। प्रिंस को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

घटना के बाद फरार रहे प्रिंस नेल्सन और बाबा उर्फ विकास नेल्सन पर पहले 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर उप महानिरीक्षक ने दोनों पर इनाम बढ़ाकर 20-20 हजार रुपये कर दिया था। 

Post a Comment

Previous Post Next Post