दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ओमती थाना पुलिस ने पैट्रोलिंग के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए पुल नंबर 3 के पास से एक शातिर वाहन चोर को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे इस संदिग्ध युवक को जब घेराबंदी कर पकड़ा गया, तो उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 7 चोरी के दुपहिया वाहन जब्त किए हैं, जिन्हें उसने शहर के अलग-अलग इलाकों से पार किया था।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम पवन पटेल (उम्र 24 वर्ष), पिता सीताराम पटेल, निवासी शारदा चौक अन्ना मोहल्ला, थाना गढ़ा बताया। आरोपी जिस मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 20 NH 4389) को चला रहा था, उसके संबंध में पूछताछ करने पर उसने उसे सिहोरा रेलवे स्टेशन के बाहर से चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद जब पुलिस ने उससे मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ की, तो उसने पिछले तीन महीनों के भीतर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 6 अन्य दुपहिया वाहन चोरी करने का जुर्म भी कबूल कर लिया।
आरोपी पवन पटेल ने बताया कि उसने एक माह पहले सिहोरा से एक एचएफ डीलक्स (MP 20 MU 5416), डेढ़ माह पहले जिलहरीघाट से एक टीवीएस राइडर (MP 17 ZB 5279), करीब 20-25 दिन पहले बल्देवबाग से एक एक्सिस स्कूटी (MP 20 JA 3066), दो माह पहले दरहाई चौक कोतवाली से एक एक्टिवा (MP 20 SL 2094), तीन माह पहले दमोह नाका के पास से एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (MP 20 MN 2228), करीब तीन माह पहले खारीघाट से एक स्प्लेंडर (MP 20 NQ 8345) और एक माह पहले ब्लूमून होटल के पास से एक सिल्वर रंग की एक्सिस स्कूटी (MP 20 SR 7513) चोरी की थी। इन सभी 6 वाहनों को उसने बेचने की नीयत से पीली कोठी मैदान में छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सभी 7 दुपहिया वाहन जब्त करते हुए उसके खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 02/26 धारा 35(1)(ई) बी.एन.एस.एस. एवं 303(2) बी.एन.एस. के तहत कार्रवाई की है। इसके साथ ही थाना ओमती में दर्ज अपराध क्रमांक 350/26 धारा 303(2) बी.एन.एस. में उसकी विधिवत गिरफ्तारी की गई। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर और आपराधिक प्रवृत्ति का है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी शासकीय कार्य में बाधा, चोरी, मारपीट और जुआ एक्ट के तहत 6 अपराध दर्ज हैं।
Tags
jabalpur
