दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को विपक्षी दलों ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मुद्दे को लेकर संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर संसद के मकर द्वार पर बैठे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से दानपेटी में चंदा डाला। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने "अमित शाह संसद से गायब क्यों" लिखे बैनर भी लहराए।
संसद की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा को पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) बिल, 2026 ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इस बीच कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया। कांग्रेस का आरोप है कि मंत्री ने संसद में यह कहकर सदन को गुमराह किया कि जंतर-मंतर और संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर कोई फायरिंग नहीं हुई थी।
वहीं, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा। उनका आरोप है कि राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ सदन में असंसदीय और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया तथा बेबुनियाद आरोप लगाए।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होनी चाहिए, लगातार हंगामे से संसदीय कार्य प्रभावित होता है। उन्होंने विपक्ष से बहस में भाग लेने और सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने का आग्रह किया।
Tags
national
