Jabalpur News: नर्मदा दर्शन से लौट रहे JDA अध्यक्ष को पुलिस ने रोका, हेलमेट न पहनने पर मौके पर ही भरा ₹1000 का जुर्माना

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन का भी बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर एक हजार रुपये का चालान काटा गया। खास बात यह रही कि उन्होंने न तो अपना पद बताया और न ही किसी प्रकार का दबाव बनाने की कोशिश की। उन्होंने एक आम नागरिक की तरह अपनी गलती स्वीकार करते हुए मौके पर ही चालान की राशि जमा कर दी।

जानकारी के अनुसार संदीप जैन सुबह मां नर्मदा के दर्शन कर अपने दोपहिया वाहन (एमपी-20 एसएक्स-3667) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटर मित्रा पेट्रोल पंप के पास ट्रैफिक पुलिस और न्यायिक अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा लगाए गए चेकिंग प्वाइंट पर उन्हें रोका गया।

पुलिसकर्मियों ने वाहन रोककर हेलमेट के बारे में पूछा। इस पर संदीप जैन ने बताया कि वे सुबह नर्मदा दर्शन के लिए गए थे और जल्दबाजी में हेलमेट पहनना भूल गए। पुलिस ने यातायात नियमों का हवाला देते हुए एक हजार रुपये का चालान बनाए जाने की जानकारी दी। संदीप जैन ने बिना किसी विवाद के मौके पर ही जुर्माने की राशि जमा कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चेकिंग के दौरान उन्होंने अपना परिचय भी नहीं दिया। चालान जमा करने के बाद उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन मां नर्मदा के दर्शन के लिए जाते हैं और भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएंगे। उन्होंने पुलिसकर्मियों का धन्यवाद भी किया।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने संदीप जैन के व्यवहार की सराहना की। लोगों का कहना था कि अक्सर चालान के दौरान कई जनप्रतिनिधि या प्रभावशाली लोग पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास करते हैं, लेकिन इस मामले में उन्होंने नियमों का सम्मान करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक का परिचय दिया।

उल्लेखनीय है कि शहर में ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मोटर मित्रा पेट्रोल पंप के पास मोबाइल कोर्ट लगाकर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत बिना हेलमेट, ब्लैक फिल्म, हूटर, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभियान के दौरान नियम तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को छूट नहीं दी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post