दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) जबलपुर। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरगी क्षेत्र के ग्राम तिनसी में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक दिलीप कुमार साहू को ₹19 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी जमीन के पट्टे के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
लोकायुक्त के अनुसार, ग्राम तिनसी निवासी राजकुमारी परस्ते (36) ने मकान निर्माण के लिए पंचायत से जमीन का पट्टा दिए जाने का आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन पर कार्रवाई करने के बजाय ग्राम रोजगार सहायक ने एनओसी जारी करने के लिए ₹20 हजार की रिश्वत मांगी। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ₹19 हजार लेने पर सहमत हो गया।
शिकायत सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने सोमवार, 27 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत भवन तिनसी में ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी ने फरियादी से ₹19 हजार की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति ने किया। टीम में निरीक्षक राहुल गजभिये सहित लोकायुक्त संगठन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
लोकायुक्त संगठन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तत्काल लोकायुक्त कार्यालय या हेल्पलाइन पर करें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Tags
jabalpur
