MP News: इंदौर में एमआईसी सदस्य की विशेष जनसुनवाई, जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान, लापरवाह अफसरों और कर्मचारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए नगर निगम के एमआईसी सदस्य एवं वार्ड क्रमांक 64 के पार्षद मनीष शर्मा 'मामा' द्वारा विशेष शिकायत सुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई में नागरिक अपनी समस्याएं सीधे रख सकेंगे और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उनके निराकरण का प्रयास किया जाएगा।

जनसुनवाई 21 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नगर निगम मुख्यालय स्थित कार्यालय में आयोजित की जाएगी। इसमें विशेष रूप से शहरी गरीब उपशमन विभाग से जुड़ी समस्याओं और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में आ रही परेशानियों को सुना जाएगा।

एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा 'मामा' ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से और निर्धारित समय सीमा में पहुंचाना प्राथमिकता है। यदि किसी झोन या नगर निगम कार्यालय में कोई कर्मचारी काम में लापरवाही करता है या हितग्राहियों को अनावश्यक रूप से परेशान करता है, तो उसकी शिकायत जनसुनवाई में की जा सकती है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने इंदौरवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी बात सीधे रखें, ताकि संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर समस्या का जल्द समाधान कराया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post