दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान ग्वालियर के सुनार मोहल्ला निवासी हर्ष गुप्ता के रूप में हुई है। वह सुबह ग्वालियर से ओवरनाइट एक्सप्रेस से इंदौर पहुंचा था और रतलाम जाने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-1 से डेमू ट्रेन पकड़ने जा रहा था।
प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान उसने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इंदौर में मौजूद उसके रिश्तेदार स्टेशन पहुंचे। वहीं, ग्वालियर में रहने वाले परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हर्ष व्यापारिक कार्य से इंदौर आया था। रेलवे पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags
madhya pradesh
