MP News: बालाघाट में रहस्यमयी बीमारी से 8 बच्चों की मौत, अब तक नहीं मिला मौतों का कारण

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) बालाघाट। जिले के आदिवासी इलाकों में रहस्यमयी बीमारी ने चिंता बढ़ा दी है। 26 जून से अब तक 8 बच्चों की मौत हो चुकी है। जबलपुर मेडिकल कॉलेज और बालाघाट के डॉक्टरों की टीम प्रभावित गांवों में पहुंचकर बीमार बच्चों का इलाज कर रही है, लेकिन अब तक मौतों की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

डॉक्टरों के मुताबिक बीमार बच्चों में निमोनिया, एनीमिया, डिहाइड्रेशन, बुखार, खुजली, मलेरिया और किडनी पर असर जैसे लक्षण पाए गए हैं। बीमारी की असली वजह पता लगाने के लिए बच्चों के सैंपल जांच के लिए पुणे की लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रभावित बच्चे अडोरी और मछुरदा पंचायत के गांवों के रहने वाले हैं। 26 जून से 8 अगस्त के बीच कई बच्चों की मौत हुई, जबकि 11 अगस्त की रात प्रियंका धुर्वे ने भी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रियंका कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी।

बच्चों की लगातार मौतों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर राज्यस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने मृत बच्चों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए की सहायता देने और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को एयरलिफ्ट कर नागपुर, रायपुर या भोपाल के बड़े अस्पतालों में इलाज कराने की मांग की है।

फिलहाल सभी की नजर पुणे भेजे गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट पर है, जिसके बाद ही इस रहस्यमयी बीमारी और बच्चों की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post