दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। नेशनल हाईवे-44 पर बिजौली क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे झाड़ियों में एक अधेड़ मजदूर की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही बिजौली थाना पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
दुर्गंध से मिला शव का सुराग
बुधवार शाम हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को झाड़ियों से तेज दुर्गंध आई। लोगों ने नीचे जाकर देखा तो वहां एक शव पड़ा था। पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली तो मृतक की शर्ट शव से कुछ दूरी पर, जबकि पेंट और जूते अलग-अलग स्थानों पर मिले। इससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
7 अगस्त को दर्ज कराई थी गुमशुदगी
पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान कल्याण जाटव (55) पुत्र लच्छी राम जाटव, निवासी ग्राम बेहट के रूप में की। परिजनों के अनुसार कल्याण 4 अगस्त को मजदूरी और रिश्तेदारी के सिलसिले में बिजौली आया था। जब वह कई दिनों तक घर नहीं लौटा तो 7 अगस्त को बिजौली थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL विशेषज्ञ कोक सिंह ने घटनास्थल और शव के आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि कल्याण की मौत हादसे, हत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
