दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए रांझी पुलिस ने विशेष मोटरसाइकिल गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऐसे तंग इलाकों और गलियों में पहुंचकर कार्रवाई की, जहां बड़े वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते।पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से अवैध आहतों और खुले में शराब पीने वालों में भगदड़ मच गई। कई लोग मौके से भागते नजर आए, जबकि खुले में शराबखोरी करते मिले लोगों को पुलिस ने जमकर फटकार लगाई।
कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते नजर आए शराबी
अभियान के दौरान पुलिस की सख्ती का असर मौके पर साफ दिखाई दिया। खुले में शराब पीते मिले कुछ लोग पुलिस के सामने कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते नजर आए। पुलिस ने उन्हें दोबारा इस तरह की हरकत नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस टीम ने बड़ा पत्थर क्षेत्र में शराब दुकानों के आसपास, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में गश्त की। सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों और यातायात बाधित करने वालों को समझाइश देकर दुकानें किनारे करवाई गईं।इसके अलावा मरघटाई के अंदर और सुनसान स्थानों पर बैठकर शराबखोरी एवं हुड़दंग करने वालों को भी पुलिस ने खदेड़ा।
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि फिलहाल लोगों को समझाइश और सख्त चेतावनी दी गई है। यदि दोबारा खुले में शराब पीते या हुड़दंग करते पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरप्राइज चेकिंग और मोटरसाइकिल गश्त का अभियान लगातार जारी रहेगा।
