दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत काली मंदिर के सामने शराब पीने के लिए रुपये न देना एक युवक को महंगा पड़ गया। बेखौफ बदमाशों ने बाइक सवार युवक को रोककर ₹1000 की अड़ीबाजी की और विरोध करने पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ड्यूटी से घर लौटते समय बदमाशों ने घेरा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजीव गांधी नगर माढ़ोताल (गली नंबर 5) निवासी मोहित पटेल (उम्र 28 वर्ष) घंटाघर स्थित आईटीसी (ITC) कंपनी में नौकरी करता है। 29 अगस्त 2026 की रात लगभग 11:30 बजे वह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह माढ़ोताल स्थित काली मंदिर के सामने पहुंचा, तभी शिवा विश्वकर्मा और अंकित सेन अपने अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल से आए और मोहित का रास्ता रोक लिया।
अड़ीबाजी का विरोध करने पर घोंपा चाकू
आरोपियों ने मोहित से शराब पीने के लिए 1,000 रुपये की मांग की। जब मोहित ने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित द्वारा गाली देने का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी शिवा विश्वकर्मा ने चाकू निकालकर मोहित के बाएं पैर की जांघ पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
पुलिस को अस्पताल से मिली सूचना, केस दर्ज
घटना में घायल मोहित पटेल को तुरंत उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल से मिली सूचना पर माढ़ोताल पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी शिवा विश्वकर्मा, अंकित सेन और उनके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 119(1), 296(ए), 118(1) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Tags
jabalpur
