दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के व्यस्त तरमलाई बाजार में बिना सुरक्षा इंतजाम के मकान तोड़ने के दौरान एक युवक के सिर पर ईंट गिरने से वह घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया। घटना से नाराज स्थानीय लोग घायल युवक के साथ लार्डगंज थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, राखी के त्योहार के चलते बाजार में महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसके बावजूद दूसरी मंजिल पर बिना सुरक्षा घेरा और अन्य आवश्यक इंतजामों के मकान तोड़ने का काम जारी था। इसी दौरान ऊपर से एक ईंट नीचे गिरी और सड़क पर खड़े युवक के सिर पर जा लगी, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
पहले भी सुरक्षा इंतजाम की कही गई थी बात
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऊपर की दुकान किसी शर्मा नाम के व्यक्ति की है और बारिश के दौरान भी मकान तोड़ने का काम बिना पर्याप्त सुरक्षा के कराया जा रहा था। आसपास के लोगों ने काम कर रहे मजदूरों से सुरक्षा व्यवस्था करने की बात कही थी, लेकिन कथित तौर पर इस पर ध्यान नहीं दिया गया।
दुकान कर्मचारी को लगी ईंट
स्थानीय निवासी भानू चौहान के मुताबिक, तरमलाई बाजार में जसबीर बत्रा की लेडिज सूट की दुकान है। दुकान के ऊपर मकान तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान दुकान के बाहर खड़े कर्मचारी के सिर पर ऊपर से ईंट गिर गई और वह घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। लार्डगंज थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
