MP News: नरसिंहपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को रौंदा, मौके पर मौत; चालक फरार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नरसिंहपुर। जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मदनपुर के पास NH-45 स्थित खैरूआ तिराहे पर हुआ। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान जमुनिया निवासी हाबु लाला ठाकुर (50) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक GJ12 CT1204 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच के लिए आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post