MP News: मंडला में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, सूने घर से जेवर-नगदी ले गए चोर

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र के सहजनी गांव में शनिवार को दिनदहाड़े सूने घर का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपए के जेवरात और नगदी ले गए। वारदात के समय परिवार खेत में धान का रोपा लगाने गया था। चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रविवार को फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

दो घंटे सूना था घर

सहजनी निवासी गिरवन मरावी शनिवार को परिवार के साथ खेत गए थे। दोपहर करीब 12 से 2 बजे के बीच घर सूना था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी समेत अन्य सामान खंगालकर चोरी कर ली।

परिवार के घर लौटने पर वारदात का पता चला। परिजनों के अनुसार, चोर चांदी के तीन करधन, मंगलसूत्र, पायल, कंगन, झुमकी समेत अन्य जेवरात ले गए हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत पांच लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही शनिवार को टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रविवार को फॉरेंसिक टीम ने भी घर की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के इलाकों में भी पूछताछ कर अज्ञात चोरों की तलाश कर रही है।

ग्रामीणों में बढ़ी चिंता

दिनदहाड़े चोरी की घटना से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post