MP News: दतिया में मोबाइल पर गेम खेलते-खेलते कट गए ₹43 हजार, एप से अज्ञात के खाते में ट्रांसफर हुए; बेटा चला रहा था फोन

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। रामनगर कॉलोनी में मोबाइल पर गेम खेलते समय एक व्यक्ति के बैंक खाते से ₹43 हजार ट्रांसफर होने का मामला सामने आया है। फरियादी कंचन कुमार गुप्ता (38) ने आरोप लगाया कि बिना अनुमति उनके मोबाइल के साथ छेड़छाड़ कर रकम UPI के जरिए दूसरे खाते में भेजी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना 9 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे की है। कंचन कुमार के अनुसार, उनका 7 वर्षीय बेटा मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान एक कोरियर कर्मचारी भी घर आया। कुछ समय बाद मोबाइल देखने पर उन्हें उसके साथ छेड़छाड़ किए जाने का संदेह हुआ।

मिनी स्टेटमेंट से सामने आया ट्रांजेक्शन

कंचन ने SBI के YONO ऐप पर खाते का मिनी स्टेटमेंट चेक किया। इसमें 9 अगस्त को करीब 11 बजे खाते से ₹43 हजार UPI के जरिए ट्रांसफर होना सामने आया। यह राशि एक UPI के माध्यम से अभिषेक श्रीवास के नाम पर ट्रांसफर हुई थी।

फरियादी ने बिना अनुमति रकम ट्रांसफर किए जाने और मोबाइल के साथ छेड़छाड़ कर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पुलिस से की।

पुलिस ट्रांजेक्शन डिटेल खंगाल रही

टीआई दिनेश राजपूत ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ट्रांजेक्शन डिटेल और UPI से जुड़ी जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपी तक पहुंचने के लिए डिजिटल लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post