वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोली, दो कर्मचारी घायल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) वाराणसी/आजमगढ़। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। हादसे में महिला समेत एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जा रहे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसे उन्होंने विमान में ले जाने के लिए पहले ही घोषित किया था।

जांच के दौरान हुआ फायर

एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता के मुताबिक, मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत हथियार की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया। गोली पहले फर्श से टकराई और फिर पास खड़ी महिला कर्मचारी सुमन की जांघ में जा लगी। वहीं गोली के छर्रे लगने से कर्मचारी रोहित राज के हाथ में चोट आई।

घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और इंटेलिजेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। यात्री कमलेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

यात्री के पास था ऑल इंडिया परमिट


डीसीपी गोमती नीतू कादयान के अनुसार, कमलेश राय की पिस्टल का ऑल इंडिया परमिट है। बोर्डिंग से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत हथियार की जांच की जा रही थी, तभी दुर्घटनावश फायर हुआ।

घायल कर्मचारी रोहित ने बताया कि हथियार की जांच के दौरान यात्री ने पिस्टल निकाली थी। उनके मुताबिक, उस समय पिस्टल में गोली लोड थी। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ट्रिगर जानबूझकर दबाया गया या गलती से दब गया।

शिवसेना नेता बताए जा रहे कमलेश राय

कमलेश राय मूल रूप से आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के रहने वाले हैं। वह मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके हैं और आजमगढ़ में एक कॉलेज का संचालन भी करते हैं। उनके बेटे वर्तमान में पार्षद बताए जा रहे हैं।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 11 से 20 अगस्त तक एयरपोर्ट को हाईअलर्ट जोन घोषित किया गया है। ऐसे में एयरपोर्ट परिसर में फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post