पूर्व डिप्टी स्पीकर और 5 बार के TMC विधायक आशीष बनर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पार्टी दफ्तर में मिला शव

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और पांच बार विधायक रहे तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता आशीष बनर्जी की रविवार सुबह बीरभूम जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव पार्टी कार्यालय में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटनास्थल से कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें आशीष बनर्जी ने पार्टी से जुड़े कथित गलत कामों का विरोध न कर पाने और राजनीति में आने पर अफसोस जताने की बात लिखी है। नोट में रेत टेंडर, प्लान पास करने और NOC से जुड़े मामलों में किसी तरह की आर्थिक भूमिका से इनकार किया गया है।

पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें हरनगर की TMC पंचायत प्रमुख फातिमा बीवी, साहेब अली मंडल और मिथुन शेख शामिल हैं। पुलिस हत्या की साजिश से जुड़े आरोपों की भी जांच कर रही है।

आशीष बनर्जी रामपुरहाट सीट से 2001, 2006, 2011, 2016 और 2021 में लगातार पांच बार विधायक चुने गए थे। वे ममता बनर्जी सरकार में मंत्री और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रह चुके थे। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा उम्मीदवार ध्रुबा साहा से हार मिली थी।

आशीष बनर्जी ने 2 जून को TMC के बीरभूम जिला अध्यक्ष और जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद उन्होंने खुद को पार्टी के सामान्य सदस्य के तौर पर रखने की बात कही थी। अब उनकी मौत और सामने आए नोट को लेकर राजनीतिक हलकों में भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post