अमित शाह का सोनिया गांधी पर हमला, बोले- ‘वंदे मातरम’ रोकने पर देश माफ नहीं करेगा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) निंबाहेड़ा (चित्तौड़गढ़)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के निंबाहेड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम’ के बीच में रुकने के विवाद को लेकर सोनिया गांधी से देश की जनता से माफी मांगने को कहा।

अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के कारण ‘वंदे मातरम’ को भुला दिया था। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से इसे फिर सम्मान दिलाने का काम किया है।

शाह ने कहा, “140 करोड़ की जनता आपको देख रही है। आपके द्वारा किया गया यह पाप देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।” उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस नेताओं में थोड़ी भी शर्म बची है तो उन्हें बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

5,659 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

निंबाहेड़ा दौरे के दौरान अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही चित्तौड़गढ़ समेत राजस्थान के 15 जिलों में 5,659 करोड़ रुपये की लागत वाले 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शाह का स्वागत किया। उन्होंने सरकार के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि पानी की समस्या को दूर करने के लिए राजस्थान में तीन महत्वपूर्ण समझौते किए गए हैं।

अलवर में कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया


अमित शाह के अलवर दौरे से पहले पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस नेताओं ने शाह के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन और काले झंडे दिखाने की चेतावनी दी थी।

अलवर में कांग्रेस नेता दीनबंधु शर्मा को काले गुब्बारे उड़ाने की कोशिश के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत समेत अन्य नेताओं को भी सभा स्थल की ओर जाने से रोका गया।

अलवर में युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

अमित शाह अलवर के विजय नगर ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में 6,262 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान 10,580 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाने हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post