देश में बारिश का कहर: लखनऊ में घरों में घुसा पानी, चित्रकूट में पुल डूबा; उत्तराखंड में हाईवे बंद

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मानसून ने फिर जोर पकड़ लिया है। लखनऊ में कुछ घंटों की तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कें पानी में डूब गईं और जानकीपुरम जैसे इलाकों में बारिश का पानी घरों के बेडरूम और किचन तक पहुंच गया।

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से यूपी और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला पुल पानी में डूब गया। प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं वाराणसी में गंगा उफान पर है और घाट किनारे बने 100 से ज्यादा छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं।

उत्तराखंड में पहाड़ दरका, बद्रीनाथ हाईवे बंद

उत्तराखंड के चमोली में भारी बारिश के बाद बाजपुर के पास पहाड़ का हिस्सा खिसक गया। हाईवे पर लगातार बोल्डर और मलबा गिरने से बद्रीनाथ हाईवे बंद हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन की टीम मलबा हटाने में जुटी है।

प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। लैंडस्लाइड के कारण 92 से ज्यादा सड़कें बंद बताई गई हैं।

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में अगले तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी है। बिहार के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट और सात जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 17 अगस्त को रेड अलर्ट की स्थिति है।

छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बीच कोरबा के मिनीमाता बांगो डैम के पांच गेट खोल दिए गए हैं। राजस्थान, हरियाणा और अन्य राज्यों के कई हिस्सों में भी बारिश और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों को नदी, नाले और जलभराव वाले इलाकों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post