देशभर में भारी बारिश का कहर: यूपी की 11 नदियां उफान पर, MP के 12 जिलों में अलर्ट; अरुणाचल में 4 मौतें

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना और शारदा समेत 11 नदियां उफान पर हैं। राज्य के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी में 100 से ज्यादा छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं, जबकि उन्नाव में सड़कों पर पानी भरने के बाद नाव चलानी पड़ रही है।

मध्य प्रदेश में भी कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राजस्थान के 18 जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट है।

अरुणाचल प्रदेश में बादल फटने से तबाही

अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली में बादल फटने के बाद फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की स्थिति बनी। बाढ़ में दो शेल्टर बह गए। सेना के मुताबिक पांच सैन्यकर्मी लापता हुए हैं, जबकि दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया है। राहत और बचाव के लिए टीमें और हेलिकॉप्टर लगाए गए हैं।

अपर सुबनसिरी जिले में लैंडस्लाइड के कारण चार लोगों की मौत की भी खबर है।

हिमाचल में 114 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित है। बिलासपुर-सोलन सीमा के पास लैंडस्लाइड के कारण 114 सड़कें बंद हैं। राज्य में 30 जून से बारिश से जुड़े हादसों में 78 लोगों की मौत हो चुकी है।

शिमला में बारिश और धुंध के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम हो गई। प्रशासन और स्थानीय एजेंसियां प्रभावित इलाकों में सड़कें खोलने और राहत कार्य में जुटी हैं।

ओडिशा में बाढ़, 41 हजार से ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे

ओडिशा के छह जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने 41 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। 429 गांव प्रभावित बताए गए हैं। केंद्रपाड़ा में भारी बारिश के बाद सड़क पर भूस्खलन से आवागमन प्रभावित हुआ है।

उत्तराखंड और सिक्किम में भी भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में लगातार बारिश के कारण थल-मुनस्यारी सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई है और मलबा जमा हो गया है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

सिक्किम के पश्चिमी हिस्से में भी भूस्खलन से कई घरों पर खतरा मंडरा रहा है। रिम्बी क्षेत्र में करीब 28 परिवारों के प्रभावित होने की सूचना के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए हैं।

बंगाल में 18 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में 18 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना में 16 और 17 अगस्त को भी भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने समुद्र में तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए मछुआरों को मंगलवार तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

बिहार और झारखंड में भी बढ़ी परेशानी

बिहार के समस्तीपुर में गंगा की सहायक नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 10 गांवों की 50 हजार की आबादी प्रभावित बताई गई है। वहीं झारखंड के पलामू में कोयल नदी में बाढ़ आने से निचले इलाकों में पानी भर गया है।

देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जलभराव व भूस्खलन वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post