दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रांची। झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं को रद्द करने और कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन स्वतंत्रता दिवस पर और तेज हो गया। आंदोलन के 22वें दिन छात्रों ने रांची में तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान अनशन कर रहे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो को सदर अस्पताल से बाहर निकलकर यात्रा में शामिल होने और झंडा फहराने से रोक दिया गया।
अस्पताल में इस दौरान छात्र नेता और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। प्रशासन का कहना है कि डॉक्टरों की सलाह के अनुसार इलाजरत अनशनकारियों को अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। वहीं, देवेंद्रनाथ महतो ने आरोप लगाया कि उन्हें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने से रोका जा रहा है।
300 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली यात्रा
छात्रों की तिरंगा यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुई। बड़ी संख्या में छात्र 300 मीटर लंबे तिरंगे के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा कचहरी रोड, लालपुर और अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए वापस स्टेडियम पहुंची।
यात्रा के दौरान छात्रों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। अल्बर्ट एक्का चौक पर छात्रों ने राष्ट्रगान भी गाया। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस की बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी।
20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेरने का ऐलान
छात्र नेता रविंद्र कुमार पासवान ने सरकार को 18 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और TDPL एजेंसी द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द कर उनकी CBI जांच कराने की मांग दोहराई।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो 20 अगस्त को झारखंड के लाखों छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करेंगे। छात्रों ने 16 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और आंदोलन का समर्थन करने वाली पार्टियों के खिलाफ पुतला दहन करने का भी ऐलान किया है।
पांच छात्र अब भी भूख हड़ताल पर
छात्र आंदोलन का आज 22वां दिन है। पांच छात्र अभी भी भूख हड़ताल पर हैं और उनकी नियमित मेडिकल जांच की जा रही है। अनशनकारी छात्रा हबीबा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ICU में भर्ती कराया गया था। उन्होंने भी तिरंगा यात्रा में शामिल होने की इच्छा जताई, लेकिन अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं मिली।
राजनीतिक नेताओं ने भी दी प्रतिक्रिया
विधायक जयराम महतो ने वीडियो कॉल के जरिए अनशन कर रहे देवेंद्रनाथ महतो से बातचीत की। उन्होंने अस्पताल से बाहर निकलने और तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोकने पर सवाल उठाते हुए मामले को सदन में उठाने की बात कही।
वहीं, भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने छात्रों की तिरंगा यात्रा को आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए JSSC मामले में CBI जांच की मांग का समर्थन किया। कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के स्वतंत्रता दिवस भाषण का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में हुई गड़बड़ियों को स्वीकार किया है और छात्रों को मुख्यमंत्री की बात पर भरोसा करना चाहिए।
छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। अब सभी की नजरें 18 अगस्त की समयसीमा और 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव पर हैं।
Tags
national
