दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) चेन्नई। चेन्नई एयरपोर्ट पर मंगलवार देर रात कोलकाता से आ रही इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में 224 लोग सवार थे। लैंडिंग से ठीक पहले पायलट को विमान के बाएं इंजन में खराबी का अंदेशा हुआ। इसके बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 कोलकाता से करीब 25 मिनट की देरी से रात 9:39 बजे रवाना हुई थी। विमान को रात करीब 11:30 बजे चेन्नई पहुंचना था। लैंडिंग से ठीक पहले इंजन में तकनीकी खराबी की जानकारी मिलने पर चेन्नई एयरपोर्ट पर रात 11:29 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय करने के बाद विमान ने रात करीब 11:37 बजे रनवे-25 पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी 224 लोग सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। विमान के सुरक्षित उतरने के करीब 10 मिनट बाद रात 11:47 बजे फुल इमरजेंसी वापस ले ली गई।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद चेन्नई एयरपोर्ट का सामान्य संचालन प्रभावित नहीं हुआ और सभी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। विमान के इंजन में खराबी आने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इससे पहले 27 जुलाई को दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की इंटरनेशनल फ्लाइट को गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। उड़ान के दौरान विमान के निचले कार्गो होल्ड में धुआं होने का अलर्ट मिला था। इसके बाद पायलट ने राजकोट ATC से प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की अनुमति मांगी थी। एहतियात के तौर पर रनवे के पास फायर टेंडर और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया था।
वहीं, 4 अगस्त को थाइलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गई थी। घटना ओडिशा के झारसुगुड़ा के पास हुई थी। विमान करीब 36,220 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। बाद में फ्लाइट की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग हुई, हालांकि घटना में 17 यात्री घायल हुए थे।
शुरुआत में एअर इंडिया ने इसे टर्बुलेंस बताया था, लेकिन बाद में अपने बयान से ‘टर्बुलेंस’ शब्द हटा दिया। मामले की जांच DGCA द्वारा की जा रही है और घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
Tags
national
