मुंबई के घाटकोपर में लैंडस्लाइड: 6 की मौत, 4 घायल; संकरी गलियों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही परेशानी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। मुंबई के घाटकोपर के चिराग नगर इलाके में बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। यहां गौसिया चाल में पहाड़ी से मिट्टी और मलबा खिसककर कई घरों पर जा गिरा। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के समय अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे। प्रारंभिक तौर पर लगातार बारिश को लैंडस्लाइड की वजह माना जा रहा है।

घटना सुबह करीब 3:48 बजे हुई। DCP गणेश शिंदे के मुताबिक, मलबे में अभी भी 3-4 लोगों के फंसे होने की आशंका है, हालांकि इसकी सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हुई है।

BMC अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू टीम मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए स्पेशल विक्टिम-डिटेक्शन कैमरों का इस्तेमाल कर रही है। घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा है। करीब 3 से 3.5 फीट चौड़ी गलियों के कारण भारी मशीनरी को मौके तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है।

मलबा हटाने के लिए पहले व्रेकर की मदद ली जा रही है और इसके बाद मलबे को बाल्टियों में भरकर हाथों से बाहर निकाला जा रहा है। संकरी गलियों में एक समय में मुश्किल से एक व्यक्ति ही अंदर जा पा रहा है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी समय लग रहा है।

NDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर

हादसे के बाद NDRF, फायर ब्रिगेड, पुलिस और BMC की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। लैंडस्लाइड के कारण पहाड़ी का बड़ा हिस्सा नीचे बने घरों पर गिरा, जिससे कई मकानों को नुकसान पहुंचा और कुछ दो मंजिला घर भी ढह गए।

पुलिस के मुताबिक मृतकों के शव अस्पताल भेज दिए गए हैं, जबकि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। घायलों में 18 वर्षीय सोहेल अंसारी के सिर और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी की पीठ में चोट आई है।

मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपए की सहायता

मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों के इलाज के लिए प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपए की सहायता देने की बात कही गई है। फिलहाल मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post