दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में कार चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले एक सप्ताह के भीतर विज्ञान नगर, दामोदर नगर और वीआईपी परस्पर नगर से तीन मारुति स्विफ्ट कारें चोरी होने के मामले सामने आए हैं। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
ताजा घटना वीआईपी परस्पर नगर की है, जहां सप्लायर मुकुल कुमार त्यागी ने अपनी मारुति स्विफ्ट कार (HR51BQ5100) 28 जुलाई की रात करीब 11 बजे सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के पास खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे बाहर आने पर कार गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं लगने पर उन्होंने राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बदमाशों ने वारदात से पहले इलाके की डीपी से बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए। इसके बाद आरोपी कार चोरी कर फरार हो गए। आशंका है कि चोर दूसरी कार से आए थे। हालांकि कॉलोनी के कैमरे बंद होने के कारण उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकीं, लेकिन बाहरी चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की कार गुजरती हुई दिखाई दी है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, विज्ञान नगर और दामोदर नगर से हुई दो अन्य स्विफ्ट कार चोरी की घटनाओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तीनों मामलों के बीच संभावित कड़ी तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
Tags
madhya pradesh
