Jabalpur News: Shaadi.com पर मिला 'लंदन का दूल्हा', पार्सल के नाम पर महिला से 1 लाख ठगे; चेरीताल निवासी पीड़िता ने दर्ज कराई FIR

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई जान-पहचान के बाद लंदन से पार्सल भेजने का झांसा देकर एक महिला से एक लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, न्यू कॉलोनी चेरीताल निवासी रिंकी अहिरवार (32) ने शिकायत दर्ज कराई कि वह निजी कॉस्मेटिक का कार्य करती हैं। उन्होंने शादी के लिए एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर अपना बायोडाटा अपलोड किया था। दो दिन बाद एक व्यक्ति ने स्वयं को आदित्य राय बताते हुए संपर्क किया और खुद को इंग्लैंड में रहने वाला बताया। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हो गई। कुछ दिनों बाद आरोपी ने महिला से कहा कि वह लंदन से उनके लिए एक पार्सल भेज रहा है। 

महिला के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल और संदेश आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को सरकारी अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका पार्सल मुंबई में रोक लिया गया है और उसे छुड़ाने के लिए 1.25 लाख रुपये टैक्स जमा करना होगा। आरोपी ने स्वयं को सीबीआई से जुड़ा अधिकारी बताकर महिला पर तत्काल भुगतान करने का दबाव बनाया। आरोपियों ने व्हाट्सएप के जरिए क्यूआर कोड भेजा, जिसके माध्यम से महिला ने अंजली कुमारी के खाते में दो बार में 45 हजार और 35 हजार रुपये, जबकि सविता देवी के खाते में 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह महिला ने कुल 1 लाख रुपये फोनपे के माध्यम से भेज दिए। भुगतान के बाद जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 319(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post