Jabalpur News: प्लेटफॉर्म-6 के बाहर 6.38 लाख के गांजे के साथ दो आरोपी रंगे हाथ दबोचे गए, ओडिशा से ट्रेन के जरिए लाया जा रहा था गांजा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म क्रमांक-6 के बाहर मेट्रो बस स्टॉप के पास से दो आरोपियों को 12 किलो 761 ग्राम अवैध गांजा के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6.38 लाख रुपये मूल्य का गांजा, 7,031 रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास दो युवक गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान राजा उर्फ विशाल सोनकर (45 वर्ष), निवासी खटीक मोहल्ला, बेलबाग तथा रोहित चौधरी (22 वर्ष), निवासी घमापुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान राजा के बैग से चार बंडलों में तथा रोहित के बैग से दो बंडलों में कुल छह बंडलों में गांजा बरामद हुआ। दोनों के पास से नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

पुलिस ने गांजे की तौल कराई, जिसमें कुल 12 किलो 761 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के कंटाबांजी रेलवे स्टेशन से एक मोबाइल धारक के संपर्क में आकर गांजा लाए थे और उसे बेचने की तैयारी में थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post