दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस से मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिला संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए जिला कार्यकारिणी समेत सभी मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों की इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि दतिया में संगठन का व्यापक पुनर्गठन किया जाएगा।
यह फैसला उपचुनाव में हार की समीक्षा के लिए गठित विशेष जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर जारी आदेश में संगठन को नए सिरे से तैयार करने की बात कही गई है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर चुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपचुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और राकेश शुक्ला सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के बैंक घोटाला मामले में दो वर्ष की सजा मिलने के बाद अयोग्य घोषित किए जाने से रिक्त हुई थी। उपचुनाव में कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार भाजपा को पराजित किया।
भाजपा ने इस चुनाव में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह पहली बार चुनाव लड़ रहे आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था। टिकट घोषित होने के बाद पार्टी के भीतर विरोध देखने को मिला और प्रदर्शन भी हुए। बाद में नरोत्तम मिश्रा को स्वयं सामने आकर समर्थकों से आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील करनी पड़ी।
Tags
madhya pradesh
