Jabalpur News: रांझी के कुख्यात बदमाश मोहन चोटी पर लगा NSA, डर के मारे पुलिस से शिकायत करने से कतराते थे लोग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के रांझी क्षेत्र के शातिर बदमाश मोहन चौधरी उर्फ मोहन चोटी के खिलाफ पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत बड़ी कार्रवाई की है। जिला दंडाधिकारी जबलपुर राघवेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर आरोपी के खिलाफ NSA का गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

रांझी पुलिस ने वारंट की तामील करते हुए मोहन चौधरी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया है।

पुलिस के मुताबिक, मोहन चौधरी पिता दशरथ उर्फ सुखलाल चौधरी, उम्र 28 वर्ष, पुरानी बस्ती झंडा चौक, रांझी का निवासी है। वह वर्ष 2015 से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताया जा रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, मारपीट, आर्म्स एक्ट, चोरी और लूट सहित कुल 21 अपराध दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई, लेकिन इसके बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियों में कमी नहीं आई। पुलिस के अनुसार, उसके कृत्यों के चलते क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था और लोग शिकायत या सूचना देने से भी डरते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने और उसके खुले तौर पर घूमने से भविष्य में किसी व्यक्ति के जीवन और सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होने की आशंका थी। इसी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने NSA, 1980 के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में NSA का प्रकरण तैयार कर जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले में आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए NSA का गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया, जिसके बाद रांझी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध करा दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post