Jabalpur News: जबलपुर रेलवे स्टेशन की पार्किंग में 9 माह से खड़े मिले पांच लावारिस वाहन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रेलवे स्टेशन की पार्किंग में लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों को लेकर रेल सुरक्षा बल (RPF) ने सुरक्षा जांच अभियान शुरू किया है। स्टेशन की प्लेटफॉर्म नंबर-6 स्थित वाहन पार्किंग में पांच दोपहिया वाहन लंबे समय से लावारिस हालत में खड़े मिले। सुरक्षा के मद्देनजर RPF ने डॉग स्क्वॉड की मदद से वाहनों और आसपास के क्षेत्र की सघन जांच की। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

RPF की टीम ने निरीक्षक राजीव खरब और एसआई प्रवीण कुमार के नेतृत्व में प्लेटफॉर्म नंबर-1 और प्लेटफॉर्म नंबर-6 स्थित वाहन पार्किंग स्टैंड में एंटी-सबोटेज चेकिंग की। जांच के बाद स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को संतोषजनक पाया गया।

प्लेटफॉर्म नंबर-1 की पार्किंग में जांच के दौरान कोई लावारिस वाहन नहीं मिला। यह पार्किंग फ्रेश फिश सेंटर एजेंसी के अधीन है। वहीं प्लेटफॉर्म नंबर-6 की पार्किंग में पांच दोपहिया वाहन लंबे समय से खड़े मिले। इनमें स्कूटी, हीरो होंडा सीडी डीलक्स और टीवीएस अपाचे सहित अन्य वाहन शामिल हैं।

RPF ने वाहनों की पहचान के लिए उनके नंबर और चेसिस नंबर दर्ज किए हैं। इनमें MP20SC4827, MP20SG4417, MP20MC1283 और MP20MV2063 नंबर के वाहन तथा चेसिस नंबर MP8NF4HF3D8101693 वाला टीवीएस अपाचे RTR 160 शामिल है।

प्लेटफॉर्म नंबर-6 पार्किंग के ठेकेदार फैजल कुरैशी ने RPF को बताया कि ये सभी वाहन नवंबर 2025 में उनके द्वारा पार्किंग का ठेका लेने से पहले से ही परिसर में खड़े हैं। उन्होंने बताया कि लावारिस वाहनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित सिविल पुलिस थाने को पहले ही सूचना दी जा चुकी है।

RPF अधिकारियों के अनुसार रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एंटी-सबोटेज चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। पार्किंग स्थलों पर लंबे समय से खड़े और संदिग्ध वाहनों को चिह्नित किया जाएगा। 

Post a Comment

Previous Post Next Post